सक्ती/मरवाही (Om Darpan News)।
छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार‘ के तहत राज्य सरकार सीधे गांवों तक पहुंच रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सक्ती और मरवाही जिले में अनोखी जनचौपाल लगाई। सक्ती जिले के ठठारी में जहां मुख्यमंत्री ने बरगद के पेड़ की छांव में ग्रामीणों से संवाद किया, वहीं मरवाही के ग्राम निमधा में वे आम के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर ग्रामीणों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने जमीनी हकीकत जानी, अधिकारियों को फटकार लगाई और क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं।
सक्ती के ठठारी में बरगद की छांव में चौपाल
सक्ती जिले के ग्राम ठठारी में चतुर्भुज तालाब पार स्थित विशाल बरगद के पेड़ के नीचे जनचौपाल का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुले वातावरण में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।
प्रमुख घोषणाएं: ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने चतुर्भुज विष्णु मंदिर के निकट ‘आरती घाट’ निर्माण, ठठारी में बैंक शाखा खोलने और सड़क निर्माण की घोषणा की। साथ ही ठठारी को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए कलेक्टर को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मरवाही के निमधा में खाट पर बैठे सीएम, अफसरों को दी चेतावनी
मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा में मुख्यमंत्री का अलग ही अंदाज देखने को मिला। आम के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर उन्होंने बिजली, पानी, राशन और सड़क जैसे मुद्दों पर चर्चा की। राजस्व विभाग की शिकायतें मिलने पर सीएम साय ने संबंधित राजस्व निरीक्षकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
प्रमुख घोषणाएं: विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची और ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने जिले में नर्सिंग कॉलेज, निमधा में मिनी स्टेडियम और सर्वसमाज के लिए विशाल मंगल भवन की तत्काल स्वीकृति दी।
लखपति नहीं, अब ‘करोड़पति’ दीदी बनने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि अब लक्ष्य केवल लखपति बनना नहीं, बल्कि करोड़पति दीदी बनना होना चाहिए। इस दौरान ‘बिहान’ समूह की महिलाओं ने सीएम को विष्णु भोग चावल, ब्लैक राइस और स्थानीय उत्पाद भेंट किए। मुख्यमंत्री ने सरई के दोना-पत्तल में स्थानीय व्यंजनों- जामुन, कोईलार भाजी, बेल का शरबत और आमपना का स्वाद भी लिया। मौके पर ‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, गौरेला नपा अध्यक्ष मुकेश दुबे, सीएम के विशेष सचिव रजत बंसल, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन और जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे मौजूद रहे।
प्रदेशभर के लिए सीएम ने दी ये अहम जानकारियां:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चौपाल के दौरान शासन की योजनाओं का अपडेट भी जनता के सामने रखा:
सीएम हेल्पलाइन: जल्द ही अत्याधुनिक सीएम हेल्पलाइन शुरू होगी (टोल फ्री नंबर, ईमेल, व्हाट्सएप)। लापरवाही पर अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
महतारी वंदन योजना: 28वीं किस्त के रूप में 70 लाख महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है। महतारी वंदन योजना
पीएम आवास व सूर्यघर: 18 लाख आवासों को स्वीकृति मिली है। सूर्यघर योजना से बिजली बिल कम करने की अपील की गई। बस्तर का पहला सोलर पीएम आवास पीएम सूर्यघर योजना
तीर्थ यात्रा: श्री रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के जरिए श्रद्धालुओं को यात्रा कराई जा रही है।
सुशासन तिहार: 1 मई से 10 जून तक पूरे प्रदेश में यह आयोजन चल रहा है, जिसका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
यह भी पढ़ें: अटल डिजिटल सुविधा केंद्र कोंडागांव: सीएम विष्णुदेव साय का दौरा











