Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

राजस्व शिविर में अचानक पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों से सीधा संवाद कर अफसरों को दिए पेंडिंग काम तुरंत निपटाने के निर्देश!

Rajasva Pakhwada Shivir Sukuldaihan

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

राजनांदगांव (ओमदर्पण न्यूज़)।

राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुकुलदैहान में आयोजित ‘राजस्व पखवाड़ा शिविर’ का कलेक्टर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद ग्रामीणों से सीधे तौर पर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिविर में आए नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, नक्शा सुधार और ऋण पुस्तिका सुधार सहित अन्य महत्वपूर्ण राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि इन सभी मामलों का समय-सीमा के भीतर और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।

पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजनों को उनके निवास के समीप ही सरल, त्वरित और पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध हों, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन और प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई हो तथा निराकरण की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।

ग्रामीणों से की योजनाएं का लाभ लेने की अपील

इस मौके पर कलेक्टर ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को प्रेरित किया कि वे अपने आवश्यक अभिलेख और रिकॉर्ड अद्यतन (अपडेट) रखें ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो।

कलेक्टर ने अधिकारियों को शेष बचे प्रकरणों का भी नियमानुसार और निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीण और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow